
बहराइच – उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जिले में एक युवक नदी की थाह लेने के लिए नदी में पुल से छलांग लगा दिया। नदी में डूबने से उसकी मौत हो गई। फ्लड कंपनी पीएससी ने 15 घंटे बाद उसके शव को तलाश कर बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
श्यामू (40)राम गांव थाना क्षेत्र के राजापुर माफी गांव का रहने वाला था। गुरुवार की शाम को लगभग 7:30 बजे वह गांव के राजापुरघाट नदी पर गया था। उसके बाद पुल पर अपने कपड़े उतारे। फिर नदी की थाह लेने के लिए पुल से नदी में छलांग लगा दी। नदी की गहराई अधिक होने के कारण वह डूब गए। बाद में उसकी मौत हो गई।
पास में खेल रहे बच्चों ने घटना को देखा और गांव में इसकी सूचना दी। सूचना पर ग्रामीण नदी के पास पहुंचे, लेकिन कोई शव नहीं दिखाई दिया। उसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना राम गांव थानाध्यक्ष अभय सिंह को दी। थानाध्यक्ष पुलिस की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लापता युवक को खोजने का प्रयास किया।
थानाध्यक्ष ने फ्लड कंपनी पीएससी के साथ मिलकर स्वयं सर्च ऑपरेशन की कमान संभाली थी। 15 घंटे बाद शुक्रवार को सुबह 10:30 बजे युवक का शव नदी से नदी में पाया गया। जवानों ने शव को बाहर निकाला। रामगांव थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले की पड़ताल जारी है।
रिपोर्ट – आर डी अवस्थी