लखनऊ पहुंची प्रियंका ने गांधी प्रतिमा पर किया माल्यार्पण।

लखनऊ :कांग्रेस के मिशन उत्तर प्रदेश की शुरुआत करने लिए पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को तीन दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंच गई हैं। अमौसी एयरपोर्ट से लेकर हजरतगंज तक प्रियंका वाड्रा का पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। सबसे पहले वह जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पहुंचीं और पुष्पाजंलि अर्पित की। यहां प्रियंका ने प्रदेश में फैले जंगलराज, पंचायत चुनाव में हुई हिंसा, महिला उत्पीड़न, ध्वस्त कानून व्यवस्था और भय के माहौल के खिलाफ मौन धरने पर बैठ गईं। करीब दो घंटे चले इस धरने के बाद वह कांग्रेस मुख्यालय रवाना हुईं।


प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में मीडिया से मुखातिब कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने कहा कि मैंने मौन व्रत इसलिए किया क्योंकि उत्तर प्रदेश में संविधान नष्ट हो रहा है। लोकतंत्र का चीरहरण हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कोरोना की दूसरी लहर में बहुत अच्छा काम करने का प्रमाण पत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकासवाद चल रहा है। यह कैसा विकासवाद है जब कोरोना की दूसरी लहर थी तब पंचायत चुनाव करवाए गए। कितनी ज्यादा मौतें हो गईं।
प्रियंका वाड्रा ने कहा कि आपने चुनाव कराए लेकिन परिणाम इच्छानुसार नहीं आए। जब जिला पंचायत और ब्लाक अध्यक्ष के चुनाव हुए तो हिंसा हुईं, महिलाओं के वस्त्र खींचे जा रहे थे। कही बम फट रहे थे। क्या सोच रहे थे आप कि जनता चुप रहेगी? विपक्ष चुप रहेगा? जिस तरह से लोकतंत्र पर वार हो रहा है वह कोई नई बात नहीं है। पूरा प्रयास लोकतंत खत्म करने का था। हम लोकतंत्र बचाने आए हैं। जनता के पक्ष में बोलने आये हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाएं असुरक्षित हैं। यदि पीएम आपके सीएम की महिला सुरक्षा पर प्रशंसा कर रहे हैं तो आप खुद समझें कि आज तक सरकार ने क्या किया?

उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव के नतीजे के बाद पहली बार लखनऊ आईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। गांधी प्रतिमा पर घंटों इंतजार कर रहे कार्यकर्तओ का जोश उस समय चरम पर पहुच गया जब वह राजभवन की तरफ से गांधी प्रतिमा पहुचीं। भीड़ इतनी थी कि पुलिस को कार्यकर्ताओं को प्रतिमा स्थल से हटाकर नीचे करना पड़ा। फूल लेकर खड़ी महिला कार्यकर्ता भी घायल हो गईं। प्रियंका गांधी प्रतिमा पर बैठ कर दो मिनट मौन धरने पर बैठी।
प्रियंका गांधी के स्वागत के लिए हजरतगंज के गांधी प्रतिमा पर कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा। होर्डिंग के साथ ही कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था। एयरपोर्ट के पास भी सैकड़ों कार्यकर्ता घंटों पहले से ही प्रियंका गांधी के स्वागत में खड़े रहे। पहली बार हजरतगंज चौराहा कांग्रेस की होर्डिंग से पट गया था। प्रियंका गांधी के लखनऊ आगमन पर स्वागत करने जैसी कई होर्डिंग नाम के साथ कार्यकर्ता लगाए हुए थे।

रिपोर्ट – आर डी अवस्थी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *