
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा राज में झूठ की अमरबेल खूब फल फूल रही है और सत्य पर्दे के पीछे छुपा दिया गया है। विकासवाद का थोथा नारा देकर अपनी नाकामियां छुपाई जा रही हैं जबकि सच यह है कि सपा सरकार में हुए कामों पर भाजपा की बस छाप लगाई जा रही है।
अखिलेश ने कहा है कि कोरोना की लहर में उत्तर प्रदेश में हर तरफ तबाही मची हुई थी। लोगों को अस्पतालों में न तो बेड मिल रहे थे न इलाज मिल पा रहा था, आक्सीजन का अकाल था। सीएम की टीम बस बयानबाजी से ही काम चला रही थी। भाजपा सरकार टीकाकरण को कोरोना से रक्षा कवच बताती रही है लेकिन हालात यह है कि प्रदेश में टीकाकरण के तमाम केन्द्र बंद हो गए हैं। नौजवान और बुजुर्ग वैक्सीन लगवाने के लिए भटक रहे हैं। राजधानी लखनऊ में ही जो टीकाकरण केन्द्र खुले हैं उनमें पर्याप्त वैक्सीन डोज उपलब्ध नहीं हैं।
प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। 108 और 102 एंबुलेंस सेवा के अलावा डायल 100 जो अब 112 कर दी गई है, इन सभी सेवाओं को समाजवादी सरकार ने शुरू किया था आज उनकी दशा खराब है। इन सेवाओं के विस्तार की जगह उन्हें निष्क्त्रिस्य बना दिया गया है। भाजपा के पास विकास और प्रदेश का भविष्य संवारने का कोई विजन या कार्ययोजना नहीं होने से उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश के बजाय हर दिशा में बीमारू प्रदेश बनता जा रहा है। नीति आयोग की रिपोर्ट में भी इसे फिसड्डी राज्य का दर्जा दिया गया है।
रिपोर्ट – आर डी अवस्थी