भीमराव अंबेडकर होंगे बसपा की तरफ से राज्यसभा उम्मीदवार


लखनऊ. बीएसपी सुप्रीमों मायावती ने राज्यसभा के लिए इटावा के लखना विधानसभा से पूर्व विधायक भीम राव आंबेडकर को राज्यसभा कैंडिडेट घोषित किया है। आपको बता दे कि राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा थी कि मायावती अपने भाई आनंद कुमार को राज्यसभा कैंडिडेट बना सकती हैं लेकिन तमाम कयासों के उलट मायावती ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि आनंद पार्टी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं जो पार्टी का राजनैतिक नहीं बल्कि एग्जीक्यूटिव काम ही देखते हैं।

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की दस सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए नामांकन पत्र 5 से 12 मार्च तक दाखिल किए जाएंगे। 13 मार्च को इनकी जांच होगी और 15 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 23 मार्च को मतदान होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी।

बता दें कि प्रदेश से राज्यसभा सदस्य विनय कटियार, प्रमोद तिवारी, नरेश अग्रवाल, किरनमय नंदा, दर्शन सिंह यादव, जया बच्चन, मुनकाद अली, चौधरी मुन्नवर सलीम और आलोक तिवारी का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।

दरअसल, राज्यसभा चुनाव 59 सीटों के लिए होना है। इन चुनावों के बाद ऊपरी सदन में भाजपा की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 10 सीटों के लिए चुनाव होना है।

आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और राजस्थान से तीन-तीन जबकि बिहार व महाराष्ट्र से भी छह-छह सदस्यों का कार्यकाल खत्म हो रहा है। पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश से 5-5 सदस्य भी अपना कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। वहीं कर्नाटक, गुजरात से चार-चार और झारखंड से दो सदस्य भी अपना अवधि पूरी करेंगे। छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से भी एक-एक सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।