हरदोई: गेस्ट हाउस के चौकीदार की धारदार हथियार से की गयी हत्या

हरदोई। जनपद के मल्लावां कोतवाली इलाके में एक गेस्ट हाउस के चौकीदार की गला रेत कर निर्मम हत्या कर दी गई। जिस प्रकार से चौकीदार की हत्या की गई है उसको लेकर कई तरह की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरा और आला अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शीघ्र ही घटना के खुलासे की बात अधिकारी कर रहे हैं।वहीं मृतक के पुत्र ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

मृतक का फ़ाइल फोटो

मल्लावां कोतवाली इलाके के नया गांव में एक गेस्ट हाउस में इसी कोतवाली इलाके के खेरवा निवासी प्रमोद उर्फ राममिलन चौकीदारी के रूप में काम करते थे।मंगलवार की सुबह चौकीदार प्रमोद उर्फ राममिलन का खून से लथपथ शव गेस्ट हाउस के अंदर पड़ा मिला।घटना की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया।पूरे मामले की सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे। चौकीदार की बेरहमी से धारदार हथियार से हत्या की गई थी।

हत्या के मामले की जानकारी पाकर मल्लावां पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरा।घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह यादव फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम ने पड़ताल की।इस मामले में मृतक के पुत्र अतुल कुमार ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। अपर पुलिस अधीक्षक का कहना है कुछ सबूत मिले हैं वह काम कर रहे हैं कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।लेकिन जिस तरह से युवक की हत्या की गई है उसको लेकर किसी खास मकसद से हत्या करने की बात भी सामने आ रही है।

हरदोई से शिवहरि दीक्षित की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *