
लखनऊ स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के एससी राय छात्रावास में एमबीबीएस 2019 बैच के छात्र ने सोमवार रात आत्महत्या का प्रयास किया। आनन-फानन में छात्र को इमरजेंसी में लाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है। सूचना पाकर चौकी इंचार्ज फोर्स के साथ पहुंचे तो अस्पताल प्रबंधन ने स्टूडेंट को हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित बताया। जबकि सूत्रों का कहना है कि पूरा मामला रैगिंग से जुड़ा है। सुसाइड का प्रयास करने वाले छात्र ने एक छात्रा के साथ अभद्रता की है।
संस्थान के सूत्रों के मुताबिक 2019 सत्र का छात्र हॉस्टल में रहता है। नए सत्र की एक छात्रा की रैगिंग के दौरान उसने काफी अभद्रता की थी। इसकी शिकायत होने पर जांच कमेटी बनी थी। बताया जा रहा है कि कमेटी की जांच में छात्र पर लगे आरोप साबित हो रहे थे। जिसकी वजह से उसे निष्कासित करने की तैयारी चल रही थी। सोमवार को जांच करने वाले प्रोफेसर ने छात्र को काफी धमकाया था। इससे डरकर रात में छात्र ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगा ली। हालांकि सहयोगी छात्रों ने उसे समय से फंदे से नीचे उतार लिया और इमरजेंसी में ले गए। इमरजेंसी प्रभारी डॉ विकास ने बताया कि छात्र की हालत बिल्कुल सामान्य है।
घटना की जानकारी देर रात तक विभूतिखंड थाना प्रभारी चंद्रशेखर को नही थी। हालांकि किसी माध्यम से सूचना मिलने पर ACP ने चौकी प्रभारी मनोज कुमार को भेजा। वह फोर्स के साथ पहले हॉस्टल फिर इमरजेंसी में गए। यहां उन्हें बताया गया कि एमबीबीएस के कुछ छात्र गोमतीनगर विस्तार के सरयू अपार्टमेंट में रहते हैं। इन्हीं में से एक छात्र को हाई ब्लड प्रेशर की दिक्कत हो गयी गयी थी। डॉक्टरों ने इसे अंदरूनी मामला बताकर पुलिस को कोई हस्तक्षेप न करने की हिदायत दी। चौकी इंचार्ज का कहना है कि पुलिस अपने तरीके से जांच कर रही है।
रिपोर्ट – आर डी अवस्थी