लखनऊ के 55 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा, AI कैमरों और लाइव मॉनिटरिंग से हुई निगरानी

प्रदेश में आयोजित प्रवक्ता भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। राजधानी लखनऊ में बनाए गए 55 परीक्षा केंद्रों पर हजारों अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के बाद बाहर निकले अभ्यर्थियों ने पेपर को अपेक्षाकृत आसान बताया। कई उम्मीदवारों का कहना था कि शिक्षा विषय से जुड़े कठिन प्रश्न कम थे, जबकि सामान्य ज्ञान और बेसिक कॉन्सेप्ट आधारित सवाल ज्यादा पूछे गए।
अभ्यर्थियों के मुताबिक, पेपर हाई स्कोरिंग रहा और अच्छे अंक आने की पूरी संभावना है। कुछ छात्रों ने कहा कि परीक्षा का स्तर पिछले वर्षों की तुलना में आसान था, जिससे कटऑफ बढ़ सकती है। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रखी गई। सभी केंद्रों पर AI आधारित कैमरों से निगरानी की गई और कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग होती रही।

प्रशासन ने नकल रोकने के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन, फेस स्कैनिंग और मोबाइल प्रतिबंध जैसी व्यवस्थाएं लागू की थीं। परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस बल भी तैनात रहा। अधिकारियों ने दावा किया कि पूरी परीक्षा पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराई गई। अब अभ्यर्थियों को उत्तर कुंजी और परिणाम का इंतजार है।