ऑफिस जाने के लिए घर से निकली थी युवती, सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में शव मिलने से सनसनी

लखनऊ: राजधानी लखनऊ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सगाई के महज चार दिन बाद एक युवती की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि युवती रोज की तरह घर से ऑफिस जाने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन बंद मिला। इसके बाद परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की सूचना दी।
पुलिस जांच के दौरान सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के जंगल में युवती का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

परिजनों के मुताबिक युवती की हाल ही में सगाई हुई थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। ऐसे में इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के पीछे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।