कम तापमान पर ज्यादा बिजली खपत, सही सेटिंग अपनाकर गर्मी में भी बचा सकते हैं हजारों रुपये

गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच एयर कंडीशनर (AC) का इस्तेमाल तेजी से बढ़ गया है, लेकिन इसके साथ बिजली बिल की चिंता भी लोगों को सताने लगती है। अक्सर सवाल उठता है कि AC को 16 डिग्री पर चलाना बेहतर है या 24 डिग्री पर? विशेषज्ञों के मुताबिक, AC को बहुत कम तापमान यानी 16 डिग्री पर चलाने से कंप्रेसर को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे बिजली की खपत बढ़ जाती है और बिल भी ज्यादा आता है।

ऊर्जा विशेषज्ञों का कहना है कि 24 डिग्री के आसपास AC चलाना अधिक संतुलित और ऊर्जा-कुशल माना जाता है। इस तापमान पर कमरा आरामदायक ठंडा रहता है और मशीन पर अतिरिक्त दबाव भी नहीं पड़ता। ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (BEE) भी सामान्यतः 24 डिग्री को आरामदायक और बिजली बचाने वाला तापमान मानता है।
अगर आप बिजली बिल कम करना चाहते हैं तो AC के साथ सीलिंग फैन का इस्तेमाल करें, दरवाजे-खिड़कियां बंद रखें और समय-समय पर AC की सर्विसिंग कराते रहें। इससे कूलिंग बेहतर होगी और बिजली की खपत कम होगी।

यानि, 16 डिग्री तुरंत ज्यादा ठंडक दे सकता है, लेकिन बिजली बिल बढ़ा सकता है। समझदारी इसी में है कि AC को 24 डिग्री के आसपास चलाकर आराम और बचत दोनों का संतुलन बनाया जाए।