भारत-इंडोनेशिया की साझा विरासत और सदियों पुराने रिश्तों का जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को इंडोनेशिया के योग्याकार्ता स्थित ऐतिहासिक प्रम्बानन मंदिर परिसर का दौरा किया। उनके साथ इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो भी मौजूद रहे। इस दौरान पीएम मोदी ने करीब एक हजार वर्ष पुराने हिंदू मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना की और भारत-इंडोनेशिया के गहरे सांस्कृतिक संबंधों को रेखांकित किया।

पीएम मोदी ने कहा कि इंडोनेशिया की हवा में सांस्कृतिक विरासत की खुशबू महसूस होती है। उन्होंने प्रम्बानन मंदिर को दोनों देशों की साझा सभ्यतागत विरासत का जीवंत प्रतीक बताया। यह प्राचीन मंदिर परिसर हिंदू त्रिमूर्ति— भगवान शिव, विष्णु और ब्रह्मा— को समर्पित है और दक्षिण-पूर्व एशिया की महत्वपूर्ण सांस्कृतिक धरोहरों में गिना जाता है।

दौरे के दौरान भारत समर्थित संरक्षण और पुनर्स्थापन पहल भी चर्चा में रही। रिपोर्टों के अनुसार, दोनों देशों ने मंदिर संरक्षण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई है। पीएम मोदी ने भारत और इंडोनेशिया के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विरासत आज भी दोनों देशों के लोगों को जोड़ती है।
पीएम मोदी की यह यात्रा भारत-इंडोनेशिया रणनीतिक साझेदारी के साथ सांस्कृतिक कूटनीति के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।