वेंस बोले- मेरे दोस्त विवेक ओहायो के लिए शानदार गवर्नर साबित होंगे

अमेरिका में ओहायो के आगामी गवर्नर चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भारतीय मूल के रिपब्लिकन नेता और कारोबारी विवेक रामास्वामी को चुनाव में अपना समर्थन देने का ऐलान किया है। वेंस ने रामास्वामी को अपना दोस्त और शानदार उम्मीदवार बताते हुए कहा कि वह ओहायो के लिए एक बेहतरीन गवर्नर साबित होंगे।

वेंस ने यह समर्थन शुक्रवार को अपने गृहनगर मिडलटाउन में एक स्टील प्लांट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिया। उन्होंने मंच से रामास्वामी को दर्शकों के सामने खड़े होने के लिए आमंत्रित किया और उनके नेतृत्व की तारीफ की। यह कार्यक्रम मुख्य रूप से मैन्युफैक्चरिंग, व्यापार और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित था। इसी दौरान Cleveland-Cliffs ने मिडलटाउन प्लांट में करीब 1 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा भी की।
विवेक रामास्वामी पहले रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल हो चुके हैं। बाद में उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन किया और ‘America First’ एजेंडे के प्रमुख समर्थकों में शामिल रहे। ओहायो गवर्नर चुनाव में उन्हें ट्रंप का समर्थन भी पहले से हासिल है।

रामास्वामी का मुकाबला नवंबर के आम चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन से होगा। ओहायो में गवर्नर पद की यह दौड़ अमेरिकी मिडटर्म राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
वेंस के समर्थन से रामास्वामी के अभियान को रिपब्लिकन पार्टी के भीतर एक और मजबूत राजनीतिक समर्थन मिला है। अब चुनावी मुकाबले में उनकी रणनीति और मतदाताओं के बीच पकड़ पर नजर रहेगी।