
सभी वर्गों के लोगों से संवाद और विश्वास का माहौल बनाने के निर्देश, सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखने को कहा
सुल्तानपुर : उत्तर प्रदेश में चुनावी गतिविधियों और त्योहारों के बीच कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। अपर पुलिस महानिदेशक, लखनऊ जोन प्रवीण कुमार ने पुलिस अधिकारियों को संभावित विवादों और अफवाहों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने तथा सभी समुदायों के लोगों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
सुल्तानपुर में पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान एडीजी ने थाना स्तर तक पुलिस की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी वर्गों के लोगों के साथ संवाद कायम रखते हुए ऐसा वातावरण बनाया जाए, जिसमें आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करे और पुलिस पर विश्वास बना रहे।
एडीजी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य संचार माध्यमों पर भी सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं और ऐसे संदेशों पर तत्काल संज्ञान लेने को कहा, जिनसे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो सकती है।
लखनऊ जोन में राजधानी लखनऊ के साथ अयोध्या सहित कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्र आते हैं। धार्मिक आयोजनों, त्योहारों और राजनीतिक गतिविधियों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही के कारण पुलिस के लिए कानून-व्यवस्था बनाए रखना महत्वपूर्ण चुनौती रहता है। ऐसे में स्थानीय पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के साथ-साथ आम लोगों से लगातार संवाद को भी अहम माना जा रहा है।

प्रवीण कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी संभावित विवाद को शुरुआती स्तर पर ही संवाद और प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से नियंत्रित करने का प्रयास किया जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने, स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को सक्रिय रखने और किसी भी घटना पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस का संदेश स्पष्ट है कि चुनाव और त्योहारों के इस दौर में कानून-व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी।
Report: The Indian Opinion