डीबीए हॉल में भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि; शहीदों को याद रखने की उठी मांग

शहीद दिवस के अवसर पर इटावा के डीबीए हॉल में युवा अधिवक्ताओं द्वारा एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में भारत माता और अमर शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया। इस आयोजन की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक यशवीर जी ने की।

इस मौके पर अधिवक्ताओं ने मांग उठाई कि कई ऐसे अमर शहीद हैं, जिन्हें इतिहास में उचित स्थान नहीं मिला है और जिनके नाम पर शहीद दिवस नहीं मनाया जाता। उन्होंने प्रशासन और शासन से इस ओर ध्यान देने की अपील की, ताकि नई पीढ़ी भी इन महान बलिदानियों के बारे में जान सके।
कार्यक्रम में डीबीए इटावा के पूर्व अध्यक्ष शांति स्वरूप पाठक ने अधिवक्ताओं की पहल की सराहना करते हुए इसे एक सराहनीय प्रयास बताया। वहीं अध्यक्ष राजेश त्रिपाठी और महामंत्री नितिन तिवारी ने सभी उपस्थित अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जीआईसी इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य बृजनंद शर्मा द्वारा भारत सरकार के पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया।
कार्यक्रम का संचालन विवेक राजपूत ने किया, जबकि संयोजन आशीष तिवारी, अमरीश पांडेय, अनिल कश्यप समेत कई अधिवक्ताओं ने किया। बड़ी संख्या में अधिवक्ता इस आयोजन में मौजूद रहे।