त्योहारों से पहले मिठाई, दूध और मसालों की होगी सघन जांच

होली से पहले बाजारों में बढ़ती संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए फ़ूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FSDA) ने बड़ा कदम उठाया है। Lucknow में विभाग ने करीब 400 दुकानों को नोटिस जारी किया है, जिन पर खाद्य पदार्थों में मिलावट के संदेह में जांच की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के दौरान दूध, मिठाई, घी, नमकीन, रंग और मसालों की डिमांड बढ़ जाती है, जिसकी आड़ में कुछ व्यापारी मिलावटी सामान बेचने की कोशिश करते हैं। इसी वजह से FSDA ने शहर के विभिन्न इलाकों में सघन निरीक्षण अभियान शुरू किया है।
नोटिस पाने वाली दुकानों में मिठाई की दुकानें, दूध उत्पाद विक्रेता, नमकीन फैक्टरियां, मसाला विक्रेता और खाद्य स्टोर्स शामिल हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि मिलावट पाए जाने पर न केवल लाइसेंस रद्द होगा, बल्कि कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
FSDA अधिकारियों ने नागरिकों से भी अपील की है कि अगर उन्हें कहीं भी मिलावट का संदेह हो, तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर और विभागीय पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। विभाग ने बताया कि जनता की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी और शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि होली से पहले पूरे शहर में विशेष टीमों द्वारा लगातार सैंपल लिए जाएंगे और फूड लेब में तुरंत परीक्षण कराया जाएगा, ताकि मिलावटी सामान बाजार में न पहुंच पाए।