अधिकारियों-कर्मचारियों को शालीन वेशभूषा में आने के निर्देश!
यूपी:लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी (DM) अंजनी कुमार सिंह ने सरकारी कार्यालयों में कार्य संस्कृति और अनुशासन को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों के तहत, जनपद स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों को अब कार्यालय में जींस और टी-शर्ट पहनने की अनुमति नहीं होगी।

DM ने सभी को कार्यालय की गरिमा और शासकीय सेवा के अनुरूप शालीन वेशभूषा में आने का निर्देश दिया है। यह कदम कार्यालयों में पेशेवर माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
27 अगस्त को जारी निर्देश पत्र में, DM ने महत्वपूर्ण एवं नीतिगत प्रकृति की पत्रावलियों के प्रस्तुतिकरण को लेकर भी अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि ऐसी पत्रावलियां अधिकारी स्वयं उनके समक्ष प्रस्तुत करें और प्रकरण के तथ्यों तथा अपेक्षित निर्णय की पूरी जानकारी देते हुए हस्ताक्षर कराएं। महत्वपूर्ण पत्रावलियों को केवल हस्ताक्षर कराने के लिए सहायक संवर्ग के कर्मचारियों के माध्यम से प्रस्तुत न कराया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कई मामलों में सहायक कर्मचारियों को पत्रावली के तथ्यों की समुचित जानकारी नहीं होती, जिससे कार्यालयीय कार्य प्रभावित होता है। उन्होंने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को अपने अधीनस्थों को इन निर्देशों के प्रति सचेत करते हुए अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है।