राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पोस्ट पर गोली चलाने वाली पूजा शकुन पांडेय दिल्ली से गिरफ्तार


राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पोस्टर पर गोली चलाने के मामले में फरार अखिल भारत हिन्दू महासभा की राष्ट्रीय सचिव पूजा शकुन पाण्डेय और पति अशोक पाण्डेय को अलीगढ़ पुलिस ने मंगलवार रात दिल्ली से नोएडा में प्रवेश करते समय गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर अलीगढ़ के लिए रवाना हो गई है।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर अखिल भारत हिन्दू महासभा की राष्ट्रीय सचिव ने पति व अन्य पदाधिकारियों के साथ बापू की हत्या का स्वांग रचा था। इस मामले में थाना गांधी पार्क में पुलिस की ओर से पूजा व अशोक समेत दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने पिछले दिनों सात लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं पूजा और अशोक फरार चल रहे थे। दोनों ने कोर्ट में सरेंडर याचिका दायर कर दी थी। सरेंडर करने के बजाय दोनों पुलिस को भ्रमित करने के लिए कुंभ में अमावस्या पर संगम में डुबकी लगाने की घोषणा कर दी थी।

इलाहाबाद में मौजूदगी दर्शाकर दोनों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की लेकिन सर्विलांस टीम मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैस करती रही। दो दिन पहले उनकी लोकेशन हरियाणा में मिली तो अलीगढ़ से पुलिस टीमों को हरियाणा व दिल्ली भेजा गया। मंगलवार रात पुलिस ने दोनों को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। दोनों को लेकर पुलिस अलीगढ़ के लिए रवाना हो गई है। इस बात की पुष्टि एसपी सिटी आशुतोष द्विवेदी ने भी की है। उनका कहना है कि दिल्ली में लोकेशन मिलने पर टीम को भेजा गया था। नोएडा में एंट्री करते समय दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को दोनों से पूछताछ की जाएगी।