
भारत की वित्तीय राजधानी मुंबई में त्योहारों के दौरान आतंकी हमले की संभावनाओं के मद्देनजर खुफिया एजेंसियों ने पुलिस और सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया है।
खुफिया एजेंसियों द्वारा साझा किए गए इनपुट के मुताबिक, आतंकवादी शहर में हमले करने की योजना बना रहे हैं और ड्रोन, रिमोट कंट्रोल माइक्रो-लाइट एयरक्राफ्ट, हवाई मिसाइल या पैराग्लाइडर का इस्तेमाल कर सकते हैं। एजेंसी के इनपुट में कहा गया है कि आतंकवादी अगले महीने हमले को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

एजेंसियों ने शहर के भीड़-भाड़ वाले इलाकों के आसपास सतर्कता बढ़ाने का सुझाव दिया है। त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीददारों की संख्या बढ़ जाती है और बाजारों में भीड़ हो जाती है। इसलिए, पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा निर्देश जारी किए गए हैं।
एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि आतंकवादी शहर के वीआईपी क्षेत्रों को भी निशाना बना सकते हैं।
खुफिया एजेंसियों के इनपुट पर कार्यवाही करते हुए, अधिकारियों ने शहर भर में अगले महीने के लिए सभी ड्रोन, हल्के विमान, पैराग्लाइडर पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध 30 अक्टूबर से 28 नवंबर तक लागू रहेगा।
रिपोर्ट – विकास चंद्र अग्रवाल