लंबे समय से थे अस्वस्थ, बेटे ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी निधन की जानकारी

देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति से दुखद खबर सामने आई है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी (बीसी खंडूरी) का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। उनके निधन की जानकारी उनके बेटे ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से साझा की, जिसके बाद राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
बीसी खंडूरी उत्तराखंड की राजनीति का बड़ा चेहरा रहे हैं। अपनी साफ-सुथरी छवि, सख्त प्रशासनिक शैली और विकास कार्यों के लिए उन्हें खास पहचान मिली। उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में राज्य को कई महत्वपूर्ण योजनाएं दीं और जनता के बीच लोकप्रिय नेता रहे।

राजनीतिक जीवन के अलावा बीसी खंडूरी भारतीय सेना में भी महत्वपूर्ण सेवाएं दे चुके थे। उनके निधन पर भाजपा नेताओं, सामाजिक संगठनों और समर्थकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
उनके निधन को उत्तराखंड की राजनीति के एक युग का अंत माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच शोक का माहौल है। अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी परिवार की ओर से जल्द साझा किए जाने की उम्मीद है।