छत्तीसगढ़ में आज सभी जिला मुख्यालयों पर संविदा कर्मचारी हड़ताल करेंगे। छत्तीसगढ़ सरकार के विभिन्न विभागों के संविदा कर्मचारी शुक्रवार को सभी 28 जिला मुख्यालयों पर एक दिन की हड़ताल करेंगे। ये संविदा कर्मचारी सेवा नियमित करने की मांग कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ सर्व विभागीय संविदा कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष कौशलेश तिवारी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के सौतेले व्यवहार के विरोध में 22 अगस्त से राज्य सरकार के 54 विभागों के 30,000 से ज्यादा संविदा कर्मचारी तिरंगे से हाथ बांधकर काम कर रहे हैं। तिवारी ने कहा कि मांगे पूरी न होने पर वे अनिश्चितकालीन हड़ताल का सहारा भी ले सकते हैं। सत्तारूढ़ दल ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में सभी संविदा कर्मचारियों को नियमित करने का वादा किया था लेकिन वह ऐसा करने में विफल रही है।
कौशलेश तिवारी ने कहा कि भाजपा शासनकाल में हर दो वर्ष में संविदा कर्मचारियों को महंगाई भत्ता अद्यतन कर वेतन में बढ़ोतरी प्राप्त होती रही है, लेकिन कांग्रेस शासनकाल में 4 वर्ष होने को आए पर एक भी वेतनवृद्धि नहीं मिली है। हड़ताल सोमवार से प्रदेशभर में शुरू है। हालांकि कर्मचारी संघ का लिपिक वर्ग इस हड़ताल से पीछे हट गया है। इस दौरान सरकारी दफ्तरों में लगभग सारे कामकाज ठप है।
ब्यूरो रिपोर्ट ‘द इंडियन ओपिनियन’