चेहरा बदलने के लिए प्लास्टिक सर्जरी का दावा, फर्जी दस्तावेजों से भारत में रहने की जांच

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में इंटेलिजेंस ब्यूरो यानी IB और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उज्बेकिस्तान की एक महिला को गिरफ्तार किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान लोला कायूमोवा के रूप में हुई है। जांच एजेंसियों को उसके लंबे समय से भारत में कथित तौर पर अवैध रूप से रहने और फर्जी पहचान के आधार पर गतिविधियां संचालित करने की जानकारी मिली थी।

पुलिस और खुफिया एजेंसियों को मिले इनपुट के आधार पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। जांच में यह दावा सामने आया है कि महिला अपनी पहचान छिपाने के लिए प्लास्टिक सर्जरी कराकर चेहरे में बदलाव करवा चुकी थी। इसके बाद उसने लखनऊ के पॉश इलाके सुशांत गोल्फ सिटी में अपना ठिकाना बनाया था।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, महिला पर उज्बेकिस्तान में आपराधिक मामलों से जुड़े होने का भी आरोप है। भारत में उसकी मौजूदगी और पहचान से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अब महिला के कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। इसके अलावा उसके वित्तीय लेन-देन, भारत में रहने की व्यवस्था और स्थानीय स्तर पर उसे कथित तौर पर मदद उपलब्ध कराने वाले लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।
रिपोर्ट: संदीप चंदेल