एम्स ऋषिकेश में इलाज के दौरान घायल श्रमिक ने दम तोड़ा

उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन टनल में हुए भीषण हादसे में एक और घायल श्रमिक की मौत हो गई है। श्रमिक ने ऋषिकेश स्थित एम्स में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।
यह हादसा 13 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे टीएचडीसी की पीपलकोटी-विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में हुआ था। टनल के भीतर करीब डेढ़ किलोमीटर अंदर भारी भूस्खलन और पहाड़ी से पानी के रिसाव के कारण कुल 22 श्रमिक फंस गए थे। हादसे के बाद प्रशासन और बचाव एजेंसियों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर में भर्ती कराया गया। वहीं टनल के अंदर फंसे श्रमिकों की तलाश के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने लगातार अभियान चलाया। भारी मात्रा में पानी और कीचड़ जमा होने के कारण बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। पानी निकालने के लिए पंप लगाए गए और टनल के भीतर फंसी मशीनों को भी बाहर निकाला गया।

रिपोर्ट के मुताबिक, बचाव अभियान करीब 117 घंटे तक चला। हादसे में अब तक 11 श्रमिकों की मौत हो चुकी है। इस घटना ने पहाड़ी क्षेत्रों में बड़े निर्माण और हाइड्रो प्रोजेक्ट्स में श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।