80 लोगों का रेस्क्यू, 6 घायल; कई होटल संचालित थे

कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट इलाके में बुधवार तड़के एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में अब तक 9 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 6 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में कुछ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, जिस इमारत में आग लगी, वहां कई होटल संचालित हो रहे थे। आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस, दमकलकर्मियों और राहत टीमों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बचाव अभियान के दौरान इमारत के अंदर फंसे करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
आग की वजह से इमारत के कई हिस्सों में धुआं भर गया था, जिससे ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने और लोगों को बाहर निकालने में राहत टीमों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासन आग के वास्तविक कारण की जांच कर रहे हैं। इमारत में फायर सेफ्टी व्यवस्था और आपातकालीन निकास को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद हादसे की पूरी तस्वीर साफ होगी।