नगर निगम टीम पर हमला, FIR दर्ज; इलाके में भारी PAC और पुलिस बल तैनात

लखनऊ के बुद्धेश्वर और पारा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित डेरियों और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हो गया। नगर निगम की टीम प्रतिबंधित पशुओं को पकड़ने और अवैध डेरियों को हटाने के लिए अभियान चला रही थी। इसी दौरान स्थानीय लोगों और डेयरी संचालकों की ओर से कार्रवाई का विरोध किया गया और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
आरोप है कि विरोध कर रहे लोगों ने प्रशासनिक टीम पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान नगर निगम और प्रशासन से जुड़ी कई सरकारी गाड़ियों के शीशे टूट गए और वाहनों को नुकसान पहुंचा। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, प्रशासनिक टीम पर हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोपों में नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। भारी पुलिस बल के साथ PAC की टुकड़ियां तैनात की गईं। सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रशासन ने दोबारा अभियान चलाया और अवैध डेरियों व अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की।
प्रशासन का कहना है कि अवैध कब्जे और नियमों के विरुद्ध संचालित गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। वहीं, पुलिस पथराव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले आरोपियों की पहचान के लिए उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से जांच कर रही है।