निर्धन बस्ती में सेवा कार्य कर जरूरतमंदों को बांटी खाद्य सामग्री

लखनऊ। ‘यूथ ब्रिगेड’ द्वारा आयोजित ‘सेवा संकल्प सप्ताह’ के तहत सुमित भैया ने अपने जन्मदिवस को सेवा और सम्मान के रूप में मनाया। इस अवसर पर अमर सेनानियों के परिजनों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम आश्रित संगठन के जिलाध्यक्ष देवेंद्र विक्रम सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान अमर सेनानियों के योगदान और उनके परिवारों के सम्मान को लेकर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। सुमित भैया ने कहा कि देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर सेनानियों का योगदान हमेशा याद रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके आदर्श, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने लोगों से अमर सेनानियों के मूल्यों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
सम्मान समारोह के बाद यूथ ब्रिगेड की टीम निर्धन बस्ती पहुंची, जहां जरूरतमंद परिवारों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। सेवा कार्य के दौरान टीम के सदस्यों ने लोगों से मुलाकात कर उनकी जरूरतों को समझने का भी प्रयास किया।

आयोजकों के मुताबिक, जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य व्यक्तिगत उत्सव को सामाजिक सेवा और राष्ट्र के लिए योगदान देने वाले परिवारों के सम्मान से जोड़ना था। कार्यक्रम में सुमित भैया के सहयोगी अर्जुन सिंह राघव और उनकी पूरी टीम ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के माध्यम से आयोजकों ने समाज में सेवा, सहयोग और जरूरतमंदों की मदद के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया। आयोजन के अंत में सभी सहयोगियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।
रिपोर्ट: संदीप चंदेल
विशेष कवरेज: द इंडियन ओपिनियन