सुरक्षा चिंताओं के चलते प्रवेश रोका, सरकार ने वजह स्पष्ट की।

पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के परिसर में मौजूद करीब 136 साल पुरानी गौरीपुर जामा मस्जिद (बांकरा मस्जिद) में नमाज के लिए प्रवेश पर रोक लगाए जाने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए मस्जिद में बाहरी लोगों के प्रवेश पर अनिश्चितकाल के लिए रोक लगा दी है। अधिकारियों का कहना है कि संवेदनशील एयरपोर्ट ऑपरेशनल क्षेत्र में केवल आधार कार्ड के आधार पर प्रवेश देना सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं है।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और एयरपोर्ट की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उनके अनुसार कोलकाता एयरपोर्ट सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है और इसके परिचालन क्षेत्र को बाहरी लोगों के लिए खुला नहीं रखा जा सकता। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी के धार्मिक अधिकारों पर रोक नहीं लगाई गई है, बल्कि केवल सुरक्षा नियमों का पालन कराया जा रहा है।

यह मस्जिद एयरपोर्ट के रनवे के बेहद करीब स्थित है और लंबे समय से इसके स्थानांतरण को लेकर चर्चा चल रही है। एयरपोर्ट प्राधिकरण का कहना है कि यह स्थिति उड़ानों के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित करती है। दूसरी ओर मस्जिद प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने इस फैसले पर आपत्ति जताते हुए वैकल्पिक समाधान की मांग की है।