सीतापुर – महोली कोतवाली क्षेत्र के सिमरावां गांव में विवाहिता की मौत, मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप।
आपको बता दें कि इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेलगवां निवासी मुन्ना सिंह ने लगभग 5 वर्ष पूर्व अपनी पुत्री लक्ष्मी सिंह का विवाह महोली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सेमरावां निवासी भूपेंद्र सिंह के साथ किया था।
पोस्टमार्टम घर पर मृतिका का शव लेकर आए मायके वालों ने बताया कि उन्होंने अपनी हैसियत के मुताबिक खूब दान दहेज भी दिया था।
लेकिन ससुराल पक्ष के लोग इससे संतुष्ट नहीं थे। वह लोग आए दिन लक्ष्मी सिंह को बेरहमी के साथ मारते एवं पीटते थे। गुरुवार को एक बार फिर ससुराल वालों ने लक्ष्मी सिंह को बेरहमी से मारा था। जिसके चलते लक्ष्मी सिंह की मौत हो गई।
इस संदर्भ में मृतिका के भाई अभिषेक सिंह तथा मोनू ठाकुर ने बताया कि उसके बहनोई, ससुर, दादी और देवर के द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया है।
दूसरी तरफ महोली कोतवाली प्रभारी आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
रिपोर्ट – रामेश्वर दयाल अवस्थी