नई सुरक्षा नीति के तहत वॉट्सऐप उपयोगकर्ताओं को सक्रिय सिम अनिवार्य; डेस्कटॉप लॉगिन पर कड़े नियम लागू

लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप WhatsApp में 1 मार्च से बड़ा बदलाव लागू होने जा रहा है। सरकार द्वारा तय की गई नई डिजिटल सुरक्षा नीति के तहत अब बिना सक्रिय सिम कार्ड के वॉट्सऐप इस्तेमाल करना संभव नहीं होगा। यानी जिन डिवाइस में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर मौजूद नहीं होगा या SIM निष्क्रिय होगी, उन पर वॉट्सऐप काम नहीं करेगा।
सूत्रों के अनुसार, सरकार ने इस नियम की डेडलाइन बढ़ाने से मना कर दिया है और इसे साइबर सुरक्षा तथा अनधिकृत अकाउंट एक्टिविटी रोकने के लिए आवश्यक बताया है। इसका असर उन लोगों पर पड़ेगा जो वॉट्सऐप को टैबलेट, सेकेंडरी फोन, या ई-सिम रहित डिवाइस में चला रहे थे।
इसके साथ ही डेस्कटॉप और लैपटॉप पर लॉगिन किए गए वॉट्सऐप Web/PC वर्ज़न में भी नई पॉलिसी लागू होगी। अब हर 6 घंटे में ऑटोमेटिक लॉगआउट किया जाएगा, ताकि किसी अनधिकृत उपयोग को रोका जा सके। उपयोगकर्ता को दोबारा QR स्कैन करके लॉगिन करना होगा।
टेक विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम सुरक्षा को मजबूत करेगा, हालांकि कुछ यूज़र्स के लिए यह असुविधाजनक भी साबित हो सकता है। नई पॉलिसी का नोटिफिकेशन यूज़र्स को ऐप में भेजा जा चुका है।