मान्यता है आज ही के दिन धरती पर अवतरित हुई थीं मां गंगा, स्नान-पूजन के लिए घाटों पर लंबी कतारें

गंगा दशहरा के पावन अवसर पर हरिद्वार के ब्रह्मकुंड में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सुबह से ही लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए हर की पैड़ी समेत प्रमुख घाटों पर पहुंचने लगे। ब्रह्मकुंड और आसपास के घाटों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं, जहां श्रद्धालु मां गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ की कामना कर रहे हैं।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, गंगा दशहरा के दिन ही मां गंगा का धरती पर अवतरण हुआ था। इस दिन गंगा स्नान, दान-पुण्य और पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालु मानते हैं कि इस दिन गंगा में स्नान करने से पापों का नाश होता है और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।

भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस, SDRF और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घाटों पर तैनात हैं, जबकि CCTV कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारु रखने के लिए विशेष प्लान लागू किया गया है। श्रद्धालुओं से प्रशासन ने संयम बनाए रखने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। गंगा दशहरा पर हरिद्वार एक बार फिर आस्था, भक्ति और उत्साह के रंग में रंगा नजर आया।