जानिए कौन होंगी पात्र, आवेदन कब और कैसे होगा शुरू

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्य की मेधावी छात्राओं के लिए ‘रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना’ को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत लगभग 50,000 छात्राओं को मुफ्त पेट्रोल स्कूटी दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य उच्च शिक्षा को बढ़ावा देना और छात्राओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराना है।

योजना का लाभ उत्तर प्रदेश की स्थायी निवासी उन छात्राओं को मिलेगा जिन्होंने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक (Graduation) पूरा किया है। प्रत्येक विश्वविद्यालय और कॉलेज की टॉप 5% मेधावी छात्राओं का चयन किया जाएगा। इसके अलावा शहीदों की बेटियां, निराश्रित और दिव्यांग छात्राएं भी विशेष श्रेणी में लाभ पाने की पात्र होंगी। परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से कम होनी चाहिए और स्कूटी प्राप्त करने के लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी आवश्यक होगा।

सरकार स्कूटी के साथ रजिस्ट्रेशन, बीमा, हेलमेट और एक बार के लिए 5 लीटर पेट्रोल भी उपलब्ध कराएगी। हालांकि, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है। उच्च शिक्षा विभाग जल्द ही आधिकारिक पोर्टल, आवेदन की तारीख और विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा। ऐसे में छात्राओं को सलाह दी गई है कि वे केवल सरकारी सूचना का इंतजार करें और किसी भी फर्जी वेबसाइट या सोशल मीडिया लिंक से आवेदन न करें।