हमलावरों ने बिना नंबर प्लेट बाइक का किया इस्तेमाल, सीने और पेट में लगी गोलियां; इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष Suvendu Adhikari के निजी सहायक (PA) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और राजनीतिक माहौल गरमा गया है। जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावर बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार होकर पहुंचे और ताबड़तोड़ करीब 10 राउंड फायरिंग कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमले के दौरान कई गोलियां चलाई गईं, जिनमें से दो गोलियां सीने के आर-पार हो गईं जबकि एक गोली पेट में लगी। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में पुलिस इस घटना को सुनियोजित हमला मान रही है।
इस हत्या के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।