दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि देश के हर बच्चे के लिए शिक्षा जरूरी है। शिक्षा से हर परिवार अमीर बनेगा। देशवासियों के लिए मुफ्त इलाज जरूरी है। भारत का हर नागरिक हमारे लिए अहम है। आम आदमी पार्टी अपना दायरा बढ़ाने में जुट गई है। दिल्ली के बाद पंजाब और अब अन्य राज्यों के साथ-साथ पार्टी की नजरें केंद्र की सत्ता पर भी टिकी हैं। यही वजह है कि पार्टी की ओर से हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी ने अभी से कमर कसना शुरू कर दी है।
अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को केन्द्र सरकार के ‘मेक इन इंडिया’ की तर्ज पर ‘मेक इंडिया नंबर-1’ कैम्पेन लॉन्च किया। इसे मिशन 2024 की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। इस दौरान आप संयोजक ने कहा कि, ये करोड़ो-करोड़ों भारतीयों का बहुत पुराना सपना है। केजरीवाल ने अपने जन्मदिन के मौके पर मंगलवार को कहा था कि देश में 17 करोड़ बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ते हैं। इनमें से कुछ चंद स्कूलों को छोड़ दें, जो अच्छे हैं, तो देशभर में अधिकतर सरकारी स्कूलों का बहुत बुरा हाल है। इन 17 करोड़ बच्चों का भविष्य अंधकार में है। अगर हम सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले अपने इन 17 करोड़ बच्चों को अच्छी शिक्षा देनी शुरू कर दें, तो भारत को अमीर देश बना सकते हैं।
पार्टी का ये कैंपेन “मेक इंडिया नंबर 1” की थीम पर बेस्ड है। इस अभियान की शुरुआत भले ही दिल्ली से हो रही है, लेकिन AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल इसे पूरे देश में भी लेकर जाएंगे। मेक इंडिया नंबर 1 कैंपेन की बात करें तो इसके तहत पूरे देश में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और रोजगार के मुद्दे पर जोर दिया जाएगा। पार्टी इस कैंपेन के जरिए 2024 के लोकसभा चुनावों पर फोकस करेगी और आगामी समय में अरविंद केजरीवाल को विपक्ष का सबसे बड़े चेहरे के रुप में प्रोजेक्ट करेगी।
ब्यूरो रिपोर्ट ‘द इंडियन ओपिनियन’