CCTV में कार घर पर छोड़कर बैग लेकर पैदल निकलते दिखे, मोबाइल वाराणसी पहुंचकर हुआ स्विच ऑफ

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में तैनात एक दरोगा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। थाना इंदिरा नगर में तैनात बताए जा रहे सब-इंस्पेक्टर आनंद कुमार मिश्रा बीते 11 अगस्त से लापता हैं। मामले में उनकी पत्नी अंजलि तिवारी, जो स्वयं पुलिस विभाग में दरोगा पद पर कार्यरत बताई जा रही हैं, ने सरोजनीनगर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है।

शुरुआती जांच में पुलिस ने दरोगा के आवास के बाहर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आनंद कुमार मिश्रा अपनी निजी कार घर के बाहर छोड़कर हाथ में कपड़ों से भरा बैग लेकर अकेले पैदल जाते दिखाई दिए।
इसके बाद पुलिस की सर्विलांस टीम ने उनके मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैक की। जांच के दौरान मोबाइल की आखिरी लोकेशन वाराणसी में मिली। इसके बाद मोबाइल फोन अचानक स्विच ऑफ हो गया। मोबाइल के बंद होने के बाद पुलिस और परिवार की चिंता बढ़ गई है।
वाराणसी रवाना हुई पुलिस टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ पुलिस की विशेष सर्विलांस एवं जांच टीम को वाराणसी भेजा गया है। टीम वहां रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, होटल और अन्य संभावित स्थानों के CCTV फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस की कोशिश दरोगा आनंद कुमार मिश्रा का पता लगाकर उन्हें सकुशल बरामद करने की है। फिलहाल उनके अचानक घर से निकलने और वाराणसी पहुंचने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मामले में पुलिस की जांच जारी है और दरोगा की बरामदगी के बाद ही उनके लापता होने की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
रिपोर्ट: संदीप चंदेल | द इंडियन ओपिनियन, लखनऊ