गंगागंज के पास हिच-पिन टूटने से बेकाबू हुआ ट्रैक्टर, ईंटों के नीचे दबे चार लोग

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में सुल्तानपुर नेशनल हाईवे पर गंगागंज के पास हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब ईंटों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर हाईवे के डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाली हिच-पिन अचानक टूट गई, जिसके बाद ट्रैक्टर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से उसमें सवार लोग और ईंटों का मलबा नीचे दब गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और NHAI की रेस्क्यू टीम क्रेन के साथ मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया और उन्हें गोसाईगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान पीतांबर, संदीप, पवन और बलराम के रूप में बताई गई है। सभी पड़ोसी जिले बाराबंकी के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
CM योगी ने जताया दुख
हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए जिला प्रशासन को पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
हादसे के बाद एक बार फिर ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।