सेंट्रल एकेडमी और लिटिल मिलेनियम की छात्राओं ने जवानों को बांधी राखी

लखनऊ। आशियाना स्थित 93वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के प्रांगण में रक्षाबंधन का पावन पर्व आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और देशप्रेम की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सेंट्रल एकेडमी विद्यालय, आशियाना तथा लिटिल मिलेनियम विद्यालय, आशियाना की छात्राओं ने देश सेवा में समर्पित CRPF के अधिकारियों और जवानों को रक्षासूत्र बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का आयोजन दो दिनों में किया गया। 24 अगस्त 2026 को सेंट्रल एकेडमी विद्यालय की छात्राएं 93वीं वाहिनी के प्रांगण पहुंचीं, जबकि 25 अगस्त 2026 को लिटिल मिलेनियम विद्यालय की छात्राओं ने जवानों के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाया। छात्राओं ने जवानों की कलाई पर राखी बांधी और देश की सुरक्षा एवं सेवा में उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

इस दौरान वाहिनी के अधिकारियों और जवानों ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने छात्राओं का स्वागत करते हुए रक्षाबंधन के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे, आपसी विश्वास और सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में श्री अनूप कुमार साहू, कमाण्डेंट, श्री रमेश सिंह, उप कमाण्डेंट तथा श्री संजय सिंह, उप कमाण्डेंट की गरिमामयी उपस्थिति रही। कमाण्डेंट श्री अनूप कुमार साहू ने दोनों विद्यालयों की छात्राओं और शिक्षकों को उपहार प्रदान किए तथा रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
आयोजन के माध्यम से 93वीं वाहिनी CRPF ने महिला सम्मान, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में छात्राओं और जवानों के बीच आत्मीय संवाद भी देखने को मिला।