गांधी भवन में आयोजित समारोह में शहीदों के बलिदान को किया गया नमन, युवाओं को राष्ट्रसेवा का संदेश

हरदोई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर के गांधी भवन सभागार में जिला प्रशासन की ओर से विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके परिजनों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नितिन अग्रवाल मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बबन और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संगठन के जिलाध्यक्ष देवेंद्र विक्रम सिंह समेत जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।
समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को मुख्य अतिथियों और प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान अमर सेनानियों के योगदान और देश की आजादी के लिए उनके बलिदान को याद किया गया।
युवाओं को राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने का संदेश

मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का त्याग और तपस्या देश की अमूल्य धरोहर है। उनके परिजनों का सम्मान करना समाज के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।
भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बबन और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संगठन के जिलाध्यक्ष देवेंद्र विक्रम सिंह ने भी सेनानियों की वीर गाथाओं को याद किया और युवाओं से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान गांधी भवन देशभक्ति के नारों और अमर सेनानियों की स्मृतियों से गूंजता रहा। समारोह में मौजूद लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को नमन किया।
रिपोर्ट: संदीप | द इंडियन ओपिनियन