मेरठ, सुल्तानपुर, गोंडा, बिजनौर और संभल में नई तैनाती

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। गुरुवार देर रात शासन ने 9 IPS अधिकारियों के तबादले किए। इस बदलाव के तहत मेरठ, सुल्तानपुर, गोंडा, बिजनौर, संभल, झांसी और बलरामपुर समेत कई महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस कप्तानों की नई तैनाती की गई है।
तबादला सूची के अनुसार मेरठ के SSP अविनाश पांडेय को हटाकर पुलिस मुख्यालय लखनऊ से संबद्ध किया गया है। उनकी जगह बीबीजीटीएस मूर्ति को मेरठ का नया SSP बनाया गया है। वहीं सुल्तानपुर की SP चारू निगम को लखनऊ में SP, यूपी डायल-112 की जिम्मेदारी दी गई है।

गोंडा के SP विनीत जायसवाल का भी तबादला किया गया है और उन्हें सुल्तानपुर का नया SP बनाया गया है। गोंडा की कमान अब अभिषेक को सौंपी गई है। इसके अलावा संभल के SP कृष्ण कुमार उर्फ केके बिश्नोई को बिजनौर का नया SP बनाया गया है।
बाराबंकी में पुलिस अधीक्षक/अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात विकास चंद्र त्रिपाठी को पहली बार जिले की कप्तानी सौंपी गई है। उन्हें संभल का SP बनाया गया है। वहीं बलरामपुर के SP विकास कुमार को झांसी का SSP नियुक्त किया गया है।

हरदोई में ASP के पद पर तैनात मार्तण्ड प्रकाश सिंह को बलरामपुर का नया SP बनाया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद प्रदेश के कई संवेदनशील और महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस नेतृत्व बदल गया है। शासन के इस कदम को कानून-व्यवस्था मजबूत करने और प्रशासनिक जरूरतों के अनुरूप अधिकारियों की तैनाती से जोड़कर देखा जा रहा है।
रिपोर्टर
सन्दीप चन्देल