Morning Walk पर निकली महिलाओं को बनाते थे निशाना, दो सोने की चेन और बाइक बरामद

लखनऊ। राजधानी में सुबह की सैर पर निकलने वाली महिलाओं को कथित तौर पर निशाना बनाकर चेन स्नैचिंग करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी अभिषेक कुमार और विभाकर उर्फ सानू गुप्ता हैं, जो मूल रूप से बीकेटी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं और Blinkit में Delivery Boy के तौर पर काम करते थे।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी जानकीपुरम और गाजीपुर थाना क्षेत्रों में चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोप है कि 13 अगस्त को आयुष विहार में Morning Walk पर निकली एक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने सीडीआरआई के पास घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
महंगे शौक के लिए स्नैचिंग का आरोप
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने महंगे शौक और फिजूलखर्ची पूरी करने के लिए डिलीवरी का काम करते हुए कथित तौर पर चेन स्नैचिंग करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर बाइक बरामद करने की जानकारी दी है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दोनों ने इससे पहले कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
रिपोर्ट: संदीप चंदेल | द इंडियन ओपिनियन, लखनऊ