उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र के महुआ महुअई में बारात विदाई के दौरान हर्ष फायरिंग से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हर्ष फायरिंग में महिला के जांघ में गोली लगने से जहां महिला बदहवास होकर जमीन पर गिर पड़ी वहीं गोली चलने के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई।
आनन फानन में इलाज के लिए महिला को बनकटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी हुई है और वीडियो के आधार पर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का भी दावा कर रही है।
बताया जा रहा हैं कि बालकिशुन पासवान के घर शादी थी। घर से बाहर बारात निकलने के बाद रास्ते में आर्केस्ट्रा चल रहा था। डीजे पर लड़कियां थिरक रही थी। जिसे देखने के लिए भारी संख्या में गांव के पुरुष और महिलाओं की भीड़ लगी हुई थी। इसी बीच किसी ने हर्ष फायरिंग कर दिया। जिससे अंजनी नाम की एक महिला के पैर में गोली लग गई। गोली चलने के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई।
फरेंदा थानाध्यक्ष गिरिजेश उपाध्याय ने बताया कि वीडियोग्राफी के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और शीघ्र उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रिपोर्ट : कार्तिकेय पांडेय