इटावा: जमुनापारी बकरी केन्द्र का सांसद ने फीता काटकर किया शुभारंभ।

इटावा (चकरनगर) : विकास खंड चकरनगर के गांव सिंडौस में नवनिर्मित जमुनापारी बकरी केंद्र का सांसद डॉ रामशंकर कठेरिया ने शनिवार को फीता काटकर उद्घाटन किया। इस मौकै पर केंद्र प्रांगण में सांसद व भरथना विधायक सावित्री कठेरिया ने पौधारोपण किया।

राष्ट्रीय आजीविका मिशन ग्रामीण के तहत संचालित समूह संगठन को केंद्र हस्तांतरित करने के उपरांत उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सांसद डॉ रामशंकर कठेरिया ने कहा कि जमुनापारी बकरी का संरक्षण व संवर्धन समूह की महिलाओं द्वारा किया जा रहा प्रयास प्रशंसनीय हैं। इससे महिलाओं की आजीविका बढ़ेगी व क्षेत्र में विलुप्त हो रही जमुनापारी बकरियों की फिर से संख्या में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने पशुपालन विभाग को हर सप्ताह केंद्र का भ्रमण करके बकरियों की बीमारी संबंधी कठिनाइयों को दूर कराने के लिए पशु चिकित्सा विभाग से बकरियों की स्वास्थ्य परीक्षण कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा सरकार की योजना है कि हमारी समूह की बहनें सशक्त हो और आत्मनिर्भर बने। यदि अब कोई कोटा निरस्त होता है तो किसी व्यक्ति को नहीं मिलेगा उसे समूह की महिलाओं को ही दिया जाएगा। इस मौके पर जिला विकास/ खंड विकास अधिकारी ने बताया कि उक्त केंद्र समूह की महिलाओं द्वारा संचालित किया जाएगा। जिसमें समूह की महिलाओं द्वारा ही बकरी पालन के लिये तीन लोगों को चयनित किया जाएगा। जिनको सरकार की तरफ से पांच-पांच हजार रुपए मानदेय दिया जाएगा। साथ ही सभी बकरियों का बीमा कराया जाएगा। जिससे किसी बकरी को किसी प्रकार का नुकसान होगा तो उसका पूरा पैसा बीमा कंपनी द्वारा समूह की महिलाओं को दिया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र से आए लोगों ने अपनी अपनी समस्याएं बताई। जिसमें राजकुमार दुबे हनुमतपुर चौराहा ने नाला सफाई को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। प्रेमपुरा निवासी आधा दर्जन ग्रामीणों ने अपने गांव की अधिक आबादी होने के बाद भी दूसरी जगह वोट डालने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया तो सांसद ने उपजिलाधिकारी चकरनगर को दूरभाष पर तत्काल जांच कर समस्या निस्तारण करने के निर्देश दिया। उक्त कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह राजावत, निवर्तमान ग्राम प्रधान, पूर्व प्रधान सज्जन सिंह राजावत, योगेंद्र सिंह चौहान, जिला मंत्री सचेन्द्र सिंह चौहान, ग्राम सचिव विवेक यादव सहित समूह की महिलाएं, ग्रामीण व कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे।

संवाद सहयोगी, चकरनगर (रामकेश यादव)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *