बाराबंकी: प्रसिद्ध साहित्यकार पद्मश्री स्वर्गीय मनु शर्मा की मनाई गई 93 वीं जयंती।

बाराबंकी। मनु शर्मा का साहित्य देश की धरोहर है। उन्होनें अपने साहित्य का बाजारीकरण नहीं किया। उनका साहित्य समाज का आईना है। जो समाज का मार्गदर्शन करेगी। मनु शर्मा ने अपनी कलम से सनातन परम्परा को आगे बढाने का काम किया। उन्होंने आत्मकथाओं के माध्यम से हिन्दी साहित्य को नया आयाम दिया। उनकी लेखनी, शैली, रचनाएं आजीवन हिन्दी साहित्य जगत को आलोकित करती रहेंगी।

यह बात गाँधी भवन में लब्ध प्रतिष्ठ साहित्यकार पद्मश्री स्व मनु शर्मा की 93वीं जयंती पर आयोजित मनु शर्मा की साहित्यिक विरासत विषयक पर आयोजित संगोष्ठी की अध्यक्षता कर समाजवादी चिंतक राजनाथ शर्मा ने कही।

इस दौरान पद्मश्री मनु शर्मा के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

उन्होंने बताया कि मनु शर्मा ने गीता की शैली और महाभारत के पात्रों जो सजीव चित्रण किया वह आधुनिक परिवेश का अनमोल साहित्य है। महाभारत के पात्रों के बारे में यदि इतने विस्तार से किसी साहित्यकार ने लिखा तो वह सिर्फ मनु शर्मा ही है। इसीलिए उन्हें आत्मकथाओं का जन्मदाता भी कहा जाता है।

समाजसेवी विनय कुमार सिंह ने कहा कि मनु शर्मा साहित्यिक धरातल के व्यक्ति थे। उनका विराट व्यक्तित्व ही उनकी पहचान थी। मनु शर्मा के दो पक्ष है। पहला पक्ष उनका उदार व्यक्तित्व और दूसरा उनका कृतित्व रहा। दोनों पक्षों में कौन सा पक्ष बड़ा है यह बता पाना मुश्किल है। लेकिन मनु शर्मा की अन्तिम कृति फेरीवाला रचनाकार में अनके विराट व्यक्तित्व और कृतित्व को जाना व समझा जा सकता है।

समाजसेवी मृत्युंजय शर्मा ने कहा कि मनु शर्मा ने महाभारत के तमाम पात्रों की आत्मकथाओं को अपनी कलम के रास्ते कागज पर उतारा तो मानो हर एक पात्र जीवन्त हो उठा। श्रीकृष्ण की आत्मकथा लिखते-लिखते वे स्वयं कृष्ण को जीने लगे। कृष्ण के अदभुत रुप का वर्णन उनकी साहित्यिक जीवन की अप्रतिम रचना रही। साथ ही उन्होंने द्रोपदी, गांधारी, दानवीर कर्ण और गुरु द्रोणाचार्य पर भी आत्मकथाएं लिखी। आने वाले दिनों में मनु शर्मा जी की कृतियां समाज को और भी ज्यादा प्रभावित और मार्गदर्शित करती रहेंगी।

संगोष्ठी का संचालन पाटेश्वरी प्रसाद ने किया। इस मौके पर प्रमुख रूप से अशोक शुक्ला, सरदार राजा सिंह, सत्यवान वर्मा, मो शमीम अहमद, पीके सिंह, नीरज दुबे, आसिफ हुसैन, संतोष शुक्ल, रंजय शर्मा, राहुल यादव, ज्ञान शंकर तिवारी, अनिल यादव, संजय सिंह, भागीरथ गौतम, मो अदीब इकबाल, शिवा शर्मा, उमानाथ यादव, सुमित यादव सहित कई लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट–प्रदीप कुमार पांडे /सरदार परमजीत सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *