जिला बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिलीप गुप्ता ने अधिवक्ताओं पर पुष्प वर्षा कर किया स्वागत

बाराबंकी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अधिवक्ता परिषद एवं विधि प्रकोष्ठ की ओर से कचहरी क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में सैकड़ों अधिवक्ता हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए और देशभक्ति के नारों के साथ लोगों में राष्ट्रप्रेम एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत सिविल कोर्ट परिसर स्थित एडीआर भवन से हुई। यात्रा गेट नंबर-1 से अयोध्या रोड होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। इस दौरान जिला बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता दिलीप गुप्ता ने अपनी टीम के साथ यात्रा में शामिल अधिवक्ताओं का पुष्प वर्षा और माल्यार्पण कर स्वागत किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह का भी सहयोग रहा। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कलेक्ट्रेट-कचहरी के दोनों गेट खुले रखे गए और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई।
इसके बाद तिरंगा यात्रा शहीद उद्यान पार्क पहुंची। यहां वरिष्ठ अधिवक्ता एवं भाजपा के पूर्व अध्यक्ष संतोष सिंह, अधिवक्ता परिषद जिला इकाई के अध्यक्ष कौशल किशोर त्रिपाठी, जिला बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिलीप गुप्ता, विधि प्रकोष्ठ संयोजक अनूप यादव, अधिवक्ता परिषद महामंत्री सचिन प्रताप सिंह समेत कई अधिवक्ताओं ने संबोधित किया।
कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी हरि गोविंद सिंह, पवनेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अंत में शहीद उद्यान पार्क में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा के निकट संबोधन के बाद तिरंगा यात्रा का समापन हुआ।
अधिवक्ताओं ने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम से लेकर राष्ट्र निर्माण तक अधिवक्ता समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। समाज में राष्ट्रभक्ति, जिम्मेदारी और नागरिक कर्तव्यों की भावना को मजबूत करना भी अधिवक्ता समाज का दायित्व है।